logo

खेत में उतरकर धान काटने लगे डीसी साहब! जानिए, किस जिले का है मामला

13847news.jpg

द फ़ॉलोअप टीम, साहिबगंज:
साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव अक्सर खबरों में रहते हैं। कभी वो कमर भर पानी में खड़े हो कर लोगों को समझाते नजर आते हैं, तो कभी दुर्गम पहाड़ों पर हमदर्द बनकर पहुंच जाते हैं, तो कभी शिक्षक की भूमिका में नजर आते हैं। इस बार लोगों को डीसी साहेब किसान के रूप में नजर आए हैं। गौरतलब है कि उपायुक्त रामनिवास यादव को कुशल प्रशासक के रूप में जाना जाता है। अपने काम करने के तरीके से वो सुर्खियों में बने रहते हैं। 


निरीक्षण में निकले थे डीसी 
धान कटनी का समय आ चुका है और गांवों में धान कटना शुरू हो चुका है। इस बार समय पर बारिश होने से किसानों को काफी लाभ मिला है। बोरियो और बरहेट प्रखंड के पूजा पंडालों के निरीक्षण के लिए जाते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने रास्ते में बरहेट प्रखंड में धान उत्पादन का जायजा लेने लगे। इस दौरान वो खुद धान की कटाई करने लगे। उपायुक्त का साथ अनुमंडल पदाधिकारी हेमंत सती ने भी दिया। मौके पर उन्होंने कटनी कर रही महिला किसानों से बातचीत की और कहा कि धान को लैम्प्स में दें।  जिला प्रशासन द्वारा धान अधिप्राप्ति कर उनके फसलों का उचित मूल्य दिया जाएगा। 


डीसी ने किसानों से किया बात 
उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष जिले में धान की अच्छी फसल हुई है। यह जिले के लिए गौरव की बात है कि किसानों ने इतना मेहनत कर इस वर्ष अच्छी धान की फसल उगाई है। उन्होंने कहा जिला प्रशासन द्वारा धान अधिप्राप्ति से लेकर बीज उपलब्ध कराए जाने तक और केसीसी ऋण का लाभ देने तक किसानों को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।  किसानों के हित के लिए चलाई जा रही सभी सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए भी जिला प्रशासन तत्परता से कार्य करेगा। डीसी ने जिला प्रशासन और जिलेवासियों की ओर से किसानों का आभार भी प्रकट किया।